चार दिन पहले शादी करके आई नई-नवेली दुल्हन ने दूल्हा और उसके मां-बाप व बहनों को चाय बनाकर पिलाई, जिसके बाद वो सब बेहोश हो गए। वारदात के बाद दुल्हन अपने भाई के साथ फरार हो गई। हैंरतअंगेज मामला उत्तर प्रदेश के सीतापुर का है।


जानकारी के अनुसार दूल्हा व उसके परिवारजन का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस के मुताबिक, दूल्हा पक्ष दुल्हन के बारे में कुछ भी न बता पा रहा है। मामले की छानबीन की जा रही है। मामला महोली कोतवाली क्षेत्र के कारीपाकर गांव का है। यहां के निवासी चंद्र कुमार उर्फ बड़क्के के घर किराना स्टोर है।



चार दिन पहले चंद्र कुमार का शाहजहांपुर जिले के पुवायां मार्ग स्थित एक मंदिर में पायल से विवाह हुआ। नई नवेली दूल्हन पायल का भाई गुरुवार को बहन को लेने पहुंचा। शुक्रवार सुबह चाय-नाश्ता करने के बाद दूल्हे चंद्र कुमार व उसके परिवारजन की तबीयत बिगड़ी और बेहोश हो गए।


तभी एक ग्राहक चंद्र कुमार की दुकान पर पहुंचा। दुकान बंद देख घर के अंदर चला गया। तभी चंद्र कुमार होश में आए। इसके बाद उस ग्राहक ने चंद्र कुमार के घर के अन्य सदस्यों का हाल लिया तो पता चला सभी लोग बेहोशी की हालत में हैं। इस परिस्थिति को देख उस ग्राहक ने गांव के अन्य लोगों को खबर की।


चंद्र कुमार ने देखा कि दूल्हन और उसका भाई गायब है। फिर ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस बुलाकर चंद्र कुमार और उसकी तीनों बहन, मां-बाप को महोली सीएचसी ले जाया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने परिवार के सभी लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल भर्ती चंद्र कुमार व उसके परिवार के अन्य सदस्यों का इलाज चल रहा है।


महोली कोतवाली प्रभारी ने बताया, पायल नामक नई नवेली दुल्हन का मायका कहां है, उसके भाई का क्या नाम है। यह भी चंद्र कुमार व उसके परिवार वालों को कुछ नहीं पता है, न ही गांव वालों को कुछ इस बारे में मालूम है। कोतवाली प्रभारी ने यह भी बताया है कि उन्हें पता चला है कि पायल नाम महिला को चंद्र कुमार व उसके परिवार वालों ने 70 हजार रुपये में खरीदा था, लेकिन यह जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है।